मुजफ्फरनगर। गन्ना पेराई सीजन शुरू होते ही सड़कों पर ओवरलोड गन्ना ट्रॉली और ट्रकों की बढ़ती संख्या से उपजे यातायात सुरक्षा के गंभीर खतरे को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। दुर्घटनाओं की लगातार आ रही खबरों के बाद, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के निर्देशन में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस गोष्ठी में गन्ना प्रबंधकों, ट्रांसपोर्ट संचालकों और पेपर मिल ट्रांसपोर्ट प्रबंधकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं: एसपी यातायात-
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित इस बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गन्ना परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे ने ओवरलोडिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त न करने की स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक गन्ना न ढोने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
चौबे ने कहा कि ओवरलोड वाहन न केवल स्वयं के लिए खतरा हैं, बल्कि सड़कों पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करते हैं।
यातायात पुलिस अधीक्षक ने गन्ना परिवहन में सुरक्षा के लिए कई निर्देश दिए-
रात के समय में चलने वाले सभी गन्ना ट्रक और ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर टेप, लाल बत्ती और ‘खतरे का निशान’ अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
चालकों को वाहन चलाते समय नशा न करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए।
लोडिंग के समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया, ताकि सड़कों पर गन्ना गिरने से होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सके।
जाम और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी-
अधिकारियों ने गन्ना क्रय केंद्रों और शुगर मिलों के बाहर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी जोर दिया। परिवहन प्रबंधकों को अपने स्तर पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि जाम की स्थिति न बने।
एसपी चौबे ने स्पष्ट किया कि यातायात पुलिस पूरी सख्ती के साथ नियमों का पालन कराएगी। यदि कोई वाहन चालक या परिवहनकर्ता यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक ने भी बुधवार को कमिश्नर सहारनपुर को पत्र लिखकर जनपद में ओवरलोड गन्ना वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की थी।










Discussion about this post