मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर बलीपुरा गांव के पास स्थित बंद पड़ी ऑयल मिल को लूटने की योजना बना रहे पांच बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। फायरिंग के दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों से अवैध असलहे, कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं हैं।
थाना मीरापुर के इंस्पेक्टर बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि वलीपुरा चौराहे के पास एक बंद कोल्हू में कुछ संदिग्ध युवक एक बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और कोल्हू की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस ने जान की परवाह किए बिना सूझबूझ और साहस के साथ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश – शादाब पुत्र बाजिद (दाहिने पैर में गोली) और आकिल पुत्र जाबिर (बाएं पैर में गोली), दोनों निवासी ग्राम बुन्टा थाना गढ़ी पुख्ता, जनपद शामली – घायल हो गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अन्य बदमाशों को मौके से गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आसिफ पुत्र जान मोहम्मद, हकीकत पुत्र जाहिद (निवासी हुसैनाबाद भनवाड़ा थाना रतनपुरी) और सागर पुत्र जयचंद (निवासी नयागांव थाना रामपुर मणिहारन, जनपद सहारनपुर) के रूप में हुई है।
पकड़े गए बदमाशों से दो स्प्लेंडर बाइक, दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस (315 बोर) और एक नाजायज चाकू बरामद किया गया है। घायल बदमाशों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार साथियों की तलाश की जा रही है। उपनिरीक्षक ललित कुमार, विवेक चौधरी, हेड कांस्टेबल कालूराम, जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल सचिन कुमार, पिंकू शर्मा और रोहित बिधूड़ी।










Discussion about this post