शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुई वृद्ध राजेंद्र कुमार की हत्या का राजफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि महिला से बात करने और अभद्र व्यवहार करने की रंजिश के चलते आरोपी ने वृद्ध की हत्या की थी।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में 22 जून को जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज मुंडेट के निकट खेत की दीवार के बराबर में बुजुर्ग शव मिला था। 24 जून को राजकिरण व रविकांत निवासी मोहल्ला रामसागर ने शव की पहचान अपने पिता राजेंद्र (65) के रूप में की थी।
मृतक के पुत्र रविकांत की तहरीर पर 27 जून को गांव मुंडेट कलां निवासी अजीत के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एसपी रामसेवक गौतम ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने नामजद आरोपी अजीत उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया है।
अजीत ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि राजेंद्र का उनके गांव के श्रवण के घर आना जाना था। वह भी श्रवण के घर आता जाता था। जब वह श्रवण के घर आता था तो राजेंद्र उसके साथ बदतमीजी करता था और घर जाने से रोकता था। इसे लेकर उसके साथ कहासुनी हो गई थी। श्रवण के घर आने जाने और एक दोस्त की पत्नी से बात करने को लेकर उसकी व राजेंद्र की रंजिश रहने लगी।
आरोपी ने 20 जून की रात में राजेंद्र को फोन करके दावत पर बुलाया। उसने अपनी ई-रिक्शा से मोहल्ला रामसागर से राजेंद्र को अपने साथ लिया था। इसके बाद आरोपी ने शराब के दो पव्वे और खरीदे। राजेंद्र ने पहले से भी शराब पी रखी थी। इसके बाद वे गांव मुंडेट से होते हुए कॉलेज के पीछे सड़क पर ई रिक्शा खड़ी कर शराब पीने लगे। राजेंद्र को नशा ज्यादा होने पर उसे ई रिक्शा से नीचे गिरा दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को दीवार की तरफ घास में छिपा दिया। मृतक के मोबाइल का सिम निकालकर तोड़ दिया था और मोबाइल फोन अपने साथ ले गया था।











Discussion about this post