मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक आनंद जी भाई साहब का सोमवार को सहारनपुर स्थित संघ कार्यालय पर हृदय गति रुकने (हार्ट फेल्योर) के कारण दुखद निधन हो गया। उनके आकस्मिक देहावसान की सूचना मिलते ही संघ परिवार, स्वयंसेवकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
राष्ट्र सेवा में समर्पित रहा जीवन-
आनंद जी भाई साहब ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा और संगठन को मजबूत करने में समर्पित कर दिया। सादगी, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा उनकी पहचान थी। वे एक कुशल मार्गदर्शक के रूप में जाने जाते थे, जिनके सानिध्य में हजारों स्वयंसेवकों ने राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया। उनके नेतृत्व में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक सामाजिक और संगठनात्मक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
संघ कार्यालय पहुंचे पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक
निधन की सूचना मिलते ही सहारनपुर स्थित संघ कार्यालय पर स्वयंसेवकों, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों का तांता लग गया। सभी ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनके निधन को संगठन के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति बताया जिसकी भरपाई असंभव है।
भावभीनी श्रद्धांजलि-
संघ परिवार और समाज के विभिन्न वर्गों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों सहित पूरे संघ परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।










Discussion about this post