मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत गांधी कॉलोनी में हुई एक बड़ी चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की सगी भांजी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। रिश्तों को तार-तार करने वाली इस घटना में भांजी ने ही घर के मुख्य गेट का रिमोट चोरी कर अपने साथी को दिया और मामा का घर साफ करवा दिया।
घर की ‘भेदी’ ही निकली दुश्मन-
गांधी कॉलोनी निवासी विकास ढींगरा ने 12 दिसंबर 2025 को घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी के निर्देश पर नई मंडी पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो कड़ियां घर की भांजी मान्या मुखेजा से जाकर जुड़ीं। पुलिस ने जब मान्या और उसके साथी दानिश हसन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो रूह कंपा देने वाली सच्चाई सामने आई।
पूरी प्लानिंग: रेकी से लेकर रिमोट तक-
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मान्या का अपने मामा के घर अक्सर आना-जाना था। उसे पता था कि जेवरात कहाँ रखे हैं और घर की सुरक्षा व्यवस्था कैसी है। मान्या ने दानिश को घर के कमरों और अलमारी की पूरी लोकेशन दी। इतना ही नहीं, उसने शातिर तरीके से घर के डिजिटल गेट का वायरलेस रिमोट भी चोरी कर दानिश को सौंप दिया, ताकि वह बिना ताला तोड़े आसानी से अंदर घुस सके।
शादी समारोह का उठाया फायदा-
11 दिसंबर 2025 को जब विकास ढींगरा का परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था, तब मान्या के संकेत पर दानिश घर पहुँचा। उसने रिमोट से गेट खोला और इत्मीनान से अलमारी साफ कर लाखों के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
चोरी के पैसों से खरीदे आईफोन और महंगी घड़ी-
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ हिस्सा लगभग 3.34 लाख रुपये में बेच दिया था। इन पैसों से दानिश ने एक कीमती आईफोन, 22 हजार रुपये की घड़ी खरीदी और अपना पुराना कर्ज चुकाया।
पुलिस ने बरामद किया ये सामान-
सोने के आभूषण: 06 अंगूठियां, 03 चेन (लॉकेट सहित), 02 कड़े, 02 जोड़ी टॉप्स।
इलेक्ट्रॉनिक सामान: एक आईफोन, लगभग ₹22,000 की नई घड़ी।
अन्य: घर के गेट का वायरलेस रिमोट, आधार और पैन कार्ड।
पुलिस की कार्रवाई-
थाना नई मंडी पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला समाज के लिए एक चेतावनी है कि रिश्तों में अंधविश्वास भी भारी पड़ सकता है।










Discussion about this post