मुजफ्फरनगर। शहर के परिक्रमा मार्ग की पिछले दो साल से बदहाल स्थिति, जहां सड़क तालाब में तब्दील हो चुकी है, के विरोध में गुरुवार को एक युवक ने क्रांतिकारी कदम उठाया। जिला प्रशासन और जल निगम की अनदेखी से परेशान होकर, 24 वर्षीय विजय हिंदुस्तानी ने हाथ-पैरों में बेड़ियां डालकर और तिरंगा थामे, गंदे व ठंडे पानी में उतरकर ‘जल समाधि’ लेने की घोषणा कर दी।
प्रदर्शन और जनता का आक्रोश-
श्रीराम कॉलेज और वसुंधरा रेजिडेंसी को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण नारकीय स्थिति में था, जिससे वाहन पलटने की घटनाएं आम थीं। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी से नाराज होकर विजय हिंदुस्तानी ने यह अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया। उनकी पीठ पर गुदे शहीदों के नाम उनकी देशभक्ति और आक्रोश को बयां कर रहे थे।
प्रदर्शन की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने ‘जिला प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और युवक का समर्थन किया।
मंत्री और चेयरमैन ने दिया दखल-
कई घंटे तक ठंडे पानी में बैठे रहने से जब विजय हिंदुस्तानी की तबीयत बिगड़ने लगी, तो मामला तूल पकड़ गया। सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मौके पर पहुंचे।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने युवक से बात की और समस्या को गंभीर मानते हुए तुरंत समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका है, लेकिन जल निगम की लापरवाही से काम रुका है। उन्होंने जिलाधिकारी के साथ मिलकर जल्द समाधान निकालने और अगले दो दिनों में सड़क को मिट्टी डालकर चलने लायक बनाने की घोषणा की।
मंत्री के आश्वासन और कार्रवाई के वादे के बाद, विजय हिंदुस्तानी ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।










Discussion about this post