मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव निरगाजनी झाल के पास उस समय हड़कंप मच गया जब राहगीरों ने गंग नहर में एक किशोरी का शव तैरता हुआ देखा। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सीकरी चौकी प्रभारी विजय पाल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाया।
करीब 15 वर्षीय इस किशोरी ने नीली झींटदार फ्रॉक और नारंगी रंग की पजामी पहन रखी थी। दाएं पैर में काला धागा और दाएं हाथ में कंगन था, जिससे पुलिस ने पहचान का प्रयास किया, मगर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे, लेकिन कोई भी शव की पहचान नहीं कर पाया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किशोरी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास के थानों को सूचना भेज दी गई है और सोशल मीडिया की मदद भी ली जा रही है। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।










Discussion about this post