मुजफ्फरनगर। जिला पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर में सोमवार को पुलिसकर्मियों के लिए पारंपरिक बड़े खाने का आयोजन किया गया। यह आयोजन सावन कांवड़ यात्रा, मेलों और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सफलतापूर्वक संभालने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में किया गया।
इस विशेष अवसर पर सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित जिले भर के थानों, शाखाओं और कार्यालयों के पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर में हुई, जहां अधिकारियों ने खुद अपने हाथों से पुलिस कर्मियों को भोजन परोसा। यह परंपरा पुलिस बल में सौहार्द, सहयोग और आत्मीयता की भावना को बढ़ावा देने का प्रतीक मानी जाती है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल की सतर्कता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में कांवड़ यात्रा और अन्य बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस बल की भूमिका उल्लेखनीय रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पुलिसकर्मियों की टीम भावना को मजबूत करते हैं और उनका मनोबल ऊंचा रखते हैं। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस लाइन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। ‘बड़े खाने’ में सौहार्द, सम्मान और एकजुटता की झलक साफ दिखाई दी।










Discussion about this post