मुज़फ्फरनगर। इस मौसम की पहली बारिश ने जहां एक ओर भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं दूसरी ओर एक दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की जान खतरे में पड़ गई। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव शेरनगर में रविवार सुबह बारिश के दौरान खेलते समय 3 वर्षीय अवि नाले में गिर गया और तेज बहाव में बह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल पुत्र सुरेंद्र के दो बेटे — किट्टू (5 वर्ष) और अवि (3 वर्ष) — बारिश में नहा रहे थे। तभी अचानक अवि का पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। बहाव इतना तेज था कि वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीण भी बदहवास होकर बच्चे को खोजने में लग गए। सूचना मिलने पर थाना नई मंडी पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं।
सुबह से ही सर्च ऑपरेशन चल रहा है, लेकिन करीब तीन घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है। मौके पर ग्रामीणों के साथ बचाव दल जुटा हुआ है और नाले के किनारों, पाइपों और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोज अभियान जारी है। यह हादसा एक बार फिर बारिश में बच्चों की सुरक्षा और नगर निकाय की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।










Discussion about this post