जानसठ। मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र के कठौड़ा गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कठौड़ा गांव निवासी बिलाल पुत्र नासिर की तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चबूतरे पर बैठे चार मासूम बच्चों को रौंद गई। हादसे में सभी बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रात लगभग 10:30 बजे की है जब बिलाल अपनी बोलेरो पिकअप से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह मदरसा रशीदिया के पास पहुंचा, गाड़ी की गति अचानक तेज हो गई और वह अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बोलेरो ने चबूतरे पर बैठे चार बच्चों को सीधे टक्कर मार दी, जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए।
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
असद पुत्र खालिद, उम्र 12 वर्ष
शालम पुत्र उमेद, उम्र 11 वर्ष
फैजल पुत्र शहजाद, उम्र 14 वर्ष
असद पुत्र खालिद, उम्र 10 वर्ष
घटना की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को तत्काल सीएचसी जानसठ ले जाया गया। समाजसेवी काशिफ रिज़वी और अजमल ज़ैदी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। चारों बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उन्हें रेफर करने की भी संभावना है।
वहीं बोलेरो चालक बिलाल भी हादसे में घायल हो गया, जिसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि चालक नशे की हालत में था, जिससे उसने गाड़ी का संतुलन खो दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चों को रौंदने के बाद बोलेरो पास खड़ी ट्रॉली से टकरा गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










Discussion about this post