लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर जनता की समस्याओं से बचने और चुनावी हेरफेर करने के गंभीर आरोप लगाए।
‘वंदे मातरम’ की चर्चा पर सवाल-
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जानबूझकर जरूरी मुद्दों को छोड़कर ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा कराना चाहती है, जबकि इस विषय पर पहले ही लोकसभा में बात हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा से जुड़े लोगों ने आजादी के समय कभी वंदे मातरम नहीं गाया, लेकिन आज वे इसे मुद्दों से बचने का हथियार बना रहे हैं।
प्रदूषण और मैच रद्द होने पर घेरा-
लखनऊ में वायु प्रदूषण (AQI) के कारण भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच रद्द होने पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “सरकार के लोग कह रहे हैं कि AQI ठीक था, तो फिर मैच क्यों रद्द हुआ? ये लोग स्वतंत्र एजेंसियों के आंकड़ों को झुठला रहे हैं ताकि प्रदूषण और पर्यावरण की विफलता पर कोई चर्चा न हो।” उन्होंने भाजपा पर छत्तीसगढ़ के जंगलों, अरावली की पहाड़ियों और सोनभद्र में अंधाधुंध खनन के जरिए प्रकृति को नष्ट करने का आरोप लगाया।
नीतीश कुमार और हिजाब विवाद पर टिप्पणी-
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक युवती का हिजाब हटाए जाने की घटना पर अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर नीतीश कुमार को एक ‘हेल्पर’ (सहायक) की जरूरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी की भी धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए और ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं।
वोट काटने की साजिश का आरोप (SIR)-
सपा अध्यक्ष ने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की मदद से ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (Special Intensive Revision) के नाम पर विपक्षी दलों के वोट काटने की साजिश रच रही है।









Discussion about this post