मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के देश के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया। यह ऐतिहासिक सम्मेलन हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर के आईसीएटी सेंटर में 3 और 4 जुलाई को आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के प्रमुख नगरीय निकायों के अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया था।
आयोजन का उद्देश्य नगर विकास, जनसेवा और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करना, नवाचारों से परिचित कराना और ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में नगर निकायों की भूमिका को स्पष्ट करना रहा।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि यह मंच नगर निकायों की भूमिका को लेकर संवाद का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसमें उन्होंने मुजफ्फरनगर नगर क्षेत्र के विकास के लिए नई प्रेरणा और दृष्टिकोण प्राप्त किया। उन्होंने सम्मेलन में भाग लेना एक गर्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि अब इस अनुभव और ज्ञान का उपयोग शहर के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान शहरी प्रशासन, पारदर्शिता, नागरिक संपर्क और सेवा की प्रभावशीलता पर चर्चा हुई, जिसमें कई नवाचारों और योजनाओं की जानकारी मिली। मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि वे इन बिंदुओं को पालिका के सभासदों और अधिकारियों के साथ साझा कर जल्द ही एक ठोस कार्ययोजना तैयार करेंगी, ताकि मुजफ्फरनगर को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाया जा सके।
मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगरपालिका नागरिकों के जीवन से सीधे जुड़ी इकाई होती है, और इसी भावना से कार्य करते हुए वह पहले दिन से ही जनता की समस्याओं को प्राथमिकता पर रखकर समाधान की दिशा में प्रयासरत रही हैं। उन्होंने सम्मेलन को जनप्रतिनिधियों के लिए एक प्रेरणादायक मंच बताया, जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल समेत कई प्रमुख नेताओं के विचार सुनने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि यह संवाद नगर सेवा को बेहतर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा और पालिका प्रशासन को और अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में सहायता करेगा। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रमुख उद्यमी गौरव स्वरूप भी मौजूद रहे।
पालिका चेयरपर्सन ने कहा कि यह सम्मेलन न केवल नगर विकास की दिशा में नई दिशा प्रदान करता है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के भीतर नई ऊर्जा और संकल्प भी भरता है। जल्द ही एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर मुजफ्फरनगर की जनता को नई सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।










Discussion about this post