नोएडा। ‘भैया, आगे चलकर दिक्कत होगी, भैया एक मिनट रुक जाओ। अरे! ये क्या कर रहे हो, मुसीबत में पड़ जाओगे। मेरे साथ बच्चा है। भैया रुक जाओ, पुलिस पीछे है। वो तुम्हें जाने नहीं देंगे। मैं उनसे बात कर लूँगा… ऐसा मत करो, मेरे साथ बच्चा है।’ कैब में बैठा परिवार ड्राइवर से ये बातें कहता रहा, लेकिन उसने उनकी एक न सुनी। पीड़ित ने मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
ग्रेनो वेस्ट में एक परिवार के साथ कैब ड्राइवर की लापरवाही का मामला सामने आया है। संजय मोहन ने इस घटना का ज़िक्र करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वो अपने परिवार के साथ घूमने निकले थे। पुलिस ने पर्थला गोलचक्कर के पास कैब रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर रुकने की बजाय तेज़ रफ़्तार से गाड़ी चलाने लगा। इस हरकत पर परिवार को शक हुआ और उन्होंने उससे गाड़ी रोकने को कहा।
परिवार की बात सुनकर ड्राइवर भड़क गया और उसने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। कार की तेज़ रफ़्तार और ड्राइवर के आक्रामक व्यवहार के कारण, उसमें मौजूद बच्ची डर के मारे रोने लगी। परिवार ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वायरल वीडियो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि पीड़ित परिवार ड्राइवर से कार रोकने की विनती कर रहा है, लेकिन वह तेज़ रफ़्तार से गाड़ी चलाता रहा। इस बीच, नोएडा पुलिस का कहना है कि शिकायत पर जाँच की जाएगी।











Discussion about this post