जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित हाईकोर्ट को मंगलवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली। इस बार धमकी भरा संदेश सेशन कोर्ट की ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर भेजा गया, जिससे न्यायिक परिसर और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मेल में दावा किया गया था कि हाईकोर्ट परिसर में आरडीएक्स (RDX) प्लांट किया गया है और जल्द ही तीन बड़े धमाके होंगे।
धमकी भरे मेल में क्या लिखा था?
ई-मेल में चेतावनी देते हुए लिखा गया था, “हाईकोर्ट में आरडीएक्स रखा है और यहां तीन ब्लास्ट होंगे। बम को न्यायाधीशों के चेंबर और बाथरूम में प्लांट किया गया है। जितनी जल्दी हो सके, हाईकोर्ट को खाली करवा लो।”
ढाई घंटे तक ‘हाई अलर्ट’ पर रहा परिसर-
धमकी की सूचना मिलते ही जयपुर पुलिस, एटीएस (ATS), बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वॉड और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के लिहाज से तुरंत हाईकोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। पुलिस ने चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। लगभग ढाई घंटे तक चले इस सघन सर्च ऑपरेशन के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तब प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने इस मेल को ‘हॉक्स’ (झूठी धमकी) घोषित किया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच-
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी अशोक नगर) बालाराम ने बताया कि धमकी मिलने के बाद पूरी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई थीं। अशोक नगर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों के मद्देनजर अब हाईकोर्ट परिसर में नियमित तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।











Discussion about this post